नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। अभियान के दौरान मिले 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर संभावित बड़े हमले की साजिश को विफल कर दिया।
पुलिस को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस, ITBP और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान संवेदनशील इलाकों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED मिला, जिसे सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार समय रहते कार्रवाई होने से सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को निशाना बनाने की नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।
संयुक्त टीम ने मौके से स्थानीय स्तर पर निर्मित एक रॉकेट लॉन्चर, 16 देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड, पांच 84 मिमी रॉकेट लॉन्चर राउंड, 10 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर राउंड, .303 राइफल के आठ कारतूस तथा चार सामरिक पाउच समेत बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की। सभी बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।