कांकेर में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, नक्सलियों की साजिश विफल, हथियार और विस्फोटक बरामद

कांकेर छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा से लगे घने जंगलों में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई से नक्सलियों की किसी बड़ी वारदात की साजिश नाकाम हो गई।

पुलिस के अनुसार, खुफिया सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन के कुछ शीर्ष कमांडर सीमावर्ती जंगलों में किसी बड़ी हिंसक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर डीआरजी और बीएसएफ ने हेटारकसा, पल्लाहुर और जपमारका के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षाबलों की मौजूदगी का आभास होते ही नक्सली अपना सामान छोड़कर जंगलों की ओर फरार हो गए।

इसके बाद डॉग स्क्वाड की सहायता से इलाके की सघन तलाशी ली गई, जिसमें जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का एक गुप्त डंप बरामद हुआ। डंप से 3 किलोग्राम का सक्रिय आईईडी, दो पाइप बम, एक बीजीएल (BGL) लॉन्चर, एके-47 राइफल की 30 जिंदा गोलियां, एसएलआर राइफल के चार कारतूस, नक्सली साहित्य, दवाइयां, वर्दी और अन्य उपयोगी सामग्री जब्त की गई।

बरामद आईईडी और पाइप बम अत्यधिक संवेदनशील स्थिति में थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ते ने उन्हें जंगल में ही नियंत्रित विस्फोट कर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।

इस बड़ी बरामदगी के बाद कांकेर और नारायणपुर की सीमा से लगे जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान और तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों के हथियार और रसद आपूर्ति नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है तथा क्षेत्र में लगातार दबाव बनाकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *