रेलवे फाटक पर भीषण टक्कर: मुर्शिदाबाद में स्कूल वैन हादसे से दहला इलाका, 3 की मौत, 5 घायल

कोलकाता पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में स्कूल वैन पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। इस भीषण दुर्घटना में दो छात्रों और एक साइकिल सवार समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।

यह दुर्घटना पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल के अंतर्गत मुर्शिदाबाद के बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित एक लेवल क्रॉसिंग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक निजी स्कूल की वैन छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान वैन लेवल क्रॉसिंग पार कर रही थी, तभी सामने से आ रही निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

बताया जा रहा है कि स्कूल वैन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले एक अप लाइन ट्रेन गुजरने तक रेलवे फाटक बंद था, लेकिन उसके बाद फाटक खोल दिया गया। इसी दौरान दूसरी लाइन पर ट्रेन आने के बावजूद फाटक खुला रहा, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद रेलवे के गेटमैन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे छात्रों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल छात्रों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, रेलवे भी हादसे के कारणों और लेवल क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित लापरवाही की जांच कर रहा है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *