CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में 3 दिन तक तेज बारिश का अलर्ट

रायपुर, 17 जुलाई 2026 छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने सुचिह्नित निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश का असर और बढ़ सकता है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर, चांदो में 8 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर और समरी में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बलरामपुर, दौरा कोचली, कोटा, मरवाही, अंबिकापुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की है। विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *