डेस्क: कॉफी पीने वालों के लिए अच्छी खबर है। एक नए वैज्ञानिक रिव्यू में सामने आया है कि अधिकांश स्वस्थ वयस्कों के लिए रोजाना 400 मिलीग्राम तक कैफीन, यानी लगभग 5 कप बिना चीनी और क्रीम वाली कॉफी का सेवन सुरक्षित माना जाता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, सीमित मात्रा में कॉफी पीने से दिल की बीमारियों, स्ट्रोक, हार्ट फेलियर और टाइप-2 डायबिटीज़ का खतरा कम हो सकता है।
यह अध्ययन प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल ‘सर्कुलेशन‘ में साइंटिफिक स्टेटमेंट के रूप में प्रकाशित हुआ है। इसमें बताया गया है कि सामान्य मात्रा में कॉफी का सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हो सकता है, लेकिन एनर्जी ड्रिंक्स और एनर्जी शॉट्स के जरिए अधिक मात्रा में कैफीन लेना नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे हाई ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन अनियमित होने का खतरा बढ़ सकता है।

शोधकर्ताओं के अनुसार, कॉफी में मौजूद कैफीन लिवर में पचता है और अधिकांश लोगों में एक घंटे के भीतर इसका प्रभाव चरम पर पहुंच जाता है। हालांकि, किसी व्यक्ति का शरीर कैफीन को कितनी तेजी से प्रोसेस करेगा, यह उसकी उम्र, जेनेटिक्स, मेटाबॉलिज्म और पहले से कैफीन के सेवन की आदत पर निर्भर करता है।
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सैन फ्रांसिस्को स्कूल ऑफ मेडिसिन के प्रोफेसर ग्रेगरी एम. मार्कस ने कहा कि अधिकांश स्वस्थ वयस्कों के लिए प्रतिदिन 400 मिलीग्राम तक कैफीन सुरक्षित है और इससे हृदय रोगों का खतरा नहीं बढ़ता। हालांकि, उन्होंने अत्यधिक कैफीन वाले एनर्जी ड्रिंक्स से बचने की सलाह दी।
अध्ययन में यह भी पाया गया कि कॉफी के सेवन से एट्रियल फिब्रिलेशन का खतरा कम हो सकता है, जबकि प्रीमैच्योर वेंट्रिकुलर कॉन्ट्रैक्शन का जोखिम कुछ मामलों में बढ़ सकता है। ये दोनों ही दिल की धड़कन से जुड़ी अनियमित स्थितियां हैं।
शोधकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि कॉफी में चीनी, फ्लेवर्ड सिरप, दूध या क्रीम मिलाने से इसके संभावित स्वास्थ्य लाभ कम हो सकते हैं। इस विषय पर अभी और शोध की आवश्यकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कैफीन केवल कॉफी से ही नहीं, बल्कि चाय, चॉकलेट, सॉफ्ट ड्रिंक्स, एनर्जी ड्रिंक्स और कुछ दवाओं से भी शरीर में पहुंचता है। इसलिए कुल कैफीन सेवन पर ध्यान देना जरूरी है।