भिलाई। दुर्ग जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने यातायात कार्यालय में जोन प्रभारियों, टैंगो टीम तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक कर जिले की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के पीक ऑवर के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और कहीं भी अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
एएसपी पटेल ने बाजार क्षेत्रों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बेहतर समन्वय और टीमवर्क के साथ कार्य करें, जिससे लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयपालन, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यातायात पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम जनता का विश्वास और सहयोग दोनों मजबूत हों।
बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष रणनीति पर चर्चा की गई। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा जनजागरूकता अभियानों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक बनाना भी उतना ही जरूरी है।
पदभार ग्रहण करने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने कहा कि दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।