छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात, जशपुर में प्रथम रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन का शुभारंभ

जशपुर प्रदेश में श्वसन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सरगुजा संभाग के जिला अस्पताल जशपुर में राज्य के पहले रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन का शुभारंभ किया गया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल शुक्ला ने इसका उद्घाटन किया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल शुक्ला ने कहा कि रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को श्वसन संबंधी आपातकालीन एवं नियमित चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। इससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन में स्वास्थ्य कर्मियों को ऑक्सीजन थेरेपी, पल्स ऑक्सीमेट्री, ऑक्सीजन डिलीवरी डिवाइसों का सही उपयोग, एयरवे मैनेजमेंट, नेबुलाइजेशन, ऑक्सीजन सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण सहित अन्य आवश्यक श्वसन देखभाल प्रक्रियाओं का सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उनकी तकनीकी दक्षता, निर्णय क्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्य करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

कार्यक्रम के दौरान स्किल स्टेशन की प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन कराया गया और स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सा विशेषज्ञों ने कहा कि इस तरह की पहलें स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, हॉस्पिटल मैनेजर, नर्सिंग अधिकारी, बायोमेडिकल इंजीनियर, पैरामेडिकल स्टाफ, विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन की शुरुआत को स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता निर्माण, गुणवत्तापूर्ण श्वसन देखभाल को बढ़ावा देने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *