गिरफ्तारी की आशंका के बीच सरकार से होगी बैठक, अभिजीत दीपके के बयान से बढ़ी हलचल

नई दिल्ली। केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बीच शुक्रवार को प्रस्तावित अहम बैठक से ठीक पहले संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके के बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। दीपके ने दावा किया कि उन्हें इनपुट मिले हैं कि आज शाम या रात तक उनकी पूरी टीम को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले 35 दिनों से चल रहा आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है और किसी भी प्रकार की गिरफ्तारी से आंदोलन कमजोर नहीं, बल्कि और व्यापक हो सकता है।

‘हम गांधी और आंबेडकर के रास्ते पर चल रहे हैं’

अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और भारतीय संविधान के मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जा रहा है, तो गिरफ्तारी की आशंका क्यों पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है।

सरकार को दी चेतावनी

दीपके ने आरोप लगाया कि पहले जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने और बाद में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई जैसी घटनाओं से आंदोलन और मजबूत हुआ। उनका कहना था कि यदि अब आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी की जाती है तो इससे जनआंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।

समर्थकों से की शांति बनाए रखने की अपील

संभावित गिरफ्तारी की आशंका के बीच अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी टीम को हिरासत में लिया जाता है, तब भी आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, कानून तोड़ने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोग संगठन का प्रतिनिधित्व नहीं करते। समर्थकों से उन्होंने संविधान और कानून का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाने का आग्रह किया।

अब सभी की नजर केंद्र सरकार और सीजेपी के बीच होने वाली प्रस्तावित बैठक पर टिकी है, जिससे आंदोलन की आगे की दिशा तय होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *