शेयर बाजार में ‘ब्लैक फ्राइडे’: सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निफ्टी लुढ़का, निवेशकों के 4 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

मुंबई सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत के साथ ही दलाल स्ट्रीट पर दबाव बढ़ गया और सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में कारोबार करने लगे। शुरुआती मिनटों में आई तेज गिरावट से निवेशकों को बड़ा झटका लगा और उनकी संपत्ति में करीब 4 लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई।

सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूटा

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 800 अंक से अधिक यानी करीब 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,535 के दिन के निचले स्तर तक पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 50 भी करीब 250 अंक फिसलकर 23,619 के स्तर पर आ गया।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव

बिकवाली का असर केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांकों में भी करीब 1-1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार के अधिकांश सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल बन गया।

4 लाख करोड़ रुपये घटा मार्केट कैप

शुरुआती कारोबार के दौरान तेज गिरावट का सबसे बड़ा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले कारोबारी सत्र के लगभग 477 लाख करोड़ रुपये से घटकर करीब 473 लाख करोड़ रुपये रह गया। यानी कुछ ही मिनटों में निवेशकों की कुल संपत्ति में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और निवेशकों की सतर्कता के चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है। आने वाले कारोबारी सत्रों में वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम और घरेलू बाजार के संकेत निवेशकों की दिशा तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *