पहले बात की, फिर मार दी गोली… कनाडा में टारगेट अटैक में भारतीय मूल की युवती की मौत

टोरंटो। कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। टोरंटो पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इस घटना को टारगेटेड अटैक (निशाना बनाकर किया गया हमला) बताया है। मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7:23 बजे हम्बरवुड बुलेवार्ड और रेक्सडेल बुलेवार्ड इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को नवनीत कौर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ब्रैम्पटन निवासी आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 37 वर्षीय शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर के अलावा न्यायालय द्वारा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया गया है।

सार्वजनिक स्थान पर हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, वारदात किसी घर के भीतर नहीं बल्कि सार्वजनिक स्थान पर हुई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने ड्रोन, के-9 यूनिट और अन्य विशेष संसाधनों की मदद ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पहले बातचीत, फिर चला दी गोली

एक प्रत्यक्षदर्शी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि वह सुबह कॉफी पी रहा था, तभी उसने एक महिला को सड़क पर चलते देखा। कुछ देर बाद एक व्यक्ति उसके पास पहुंचा और दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई। इसके तुरंत बाद आरोपी ने अचानक गोली चला दी और हथियार लेकर मौके से फरार हो गया। गवाह के अनुसार, दोनों के बीच किसी प्रकार की तीखी बहस नहीं हुई थी।

हत्या की वजह अब भी रहस्य

टोरंटो पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित हमला प्रतीत होता है। फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच टोरंटो पुलिस की होमिसाइड यूनिट कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *