मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने दमदार शुरुआत की। वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में पांच प्रतिशत से अधिक गिरावट और डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती के चलते बाजार में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 600 अंकों से अधिक उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी करीब 200 अंक चढ़ गया। इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹4.76 लाख करोड़ का इजाफा हुआ।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है। इससे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताएं घटी हैं और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक समाधान की संभावनाओं ने भी बाजार की धारणा को सकारात्मक बनाया है।
सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार बढ़त
कारोबार की शुरुआत में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 636.61 अंक चढ़कर 76,696.38 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी करीब 200 अंकों की तेजी के साथ 23,964.50 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। शुरुआती सत्र से ही बाजार में खरीदारी का माहौल बना रहा।
आईटी और एविएशन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। केवल भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में हल्की गिरावट रही।
सबसे ज्यादा तेजी इंडिगो और इंफोसिस के शेयरों में देखने को मिली, जिनमें 3.5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। वहीं एशियन पेंट्स और इटरनल के शेयर 2.5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक, टीसीएस और टेक महिंद्रा सहित कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में भी दो प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई।
निवेशकों की संपत्ति में ₹4.76 लाख करोड़ की बढ़ोतरी
शेयर बाजार की इस जोरदार तेजी का सीधा फायदा निवेशकों को मिला। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन शुक्रवार के मुकाबले बढ़ गया, जिससे निवेशकों की कुल संपत्ति में लगभग ₹4.76 लाख करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञ इसे निवेशकों के मजबूत विश्वास और सकारात्मक वैश्विक संकेतों का परिणाम मान रहे हैं।