अर्शदीप सिंह ने किया रिश्ता ऑफिशियल, समरीन कौर संग तस्वीरें शेयर कर लिखा- ‘My Person’

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। अर्शदीप ने रविवार को इंस्टाग्राम पर मॉडल और अभिनेत्री समरीन कौर के साथ तस्वीरें साझा करते हुए अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया। तस्वीरों के साथ उन्होंने “My Person” कैप्शन लिखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

अर्शदीप की पोस्ट के बाद समरीन कौर एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। फैंस उनके करियर और निजी जीवन के बारे में जानने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं।

मिस इंडिया फाइनलिस्ट रह चुकी हैं समरीन

7 सितंबर 1999 को जम्मू-कश्मीर में जन्मीं समरीन कौर ने पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से बी.कॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई की। मॉडलिंग में करियर शुरू करने के बाद उन्होंने वर्ष 2018 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया और फाइनलिस्ट बनकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

फिल्मों और वेब सीरीज में भी दिखा अभिनय

मॉडलिंग के बाद समरीन ने अभिनय की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। वह ZEE5 की वेब सीरीज ‘नेल पॉलिश’ में अभिनेता अर्जुन रामपाल के साथ नजर आईं। इसके अलावा रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ में उन्होंने क्रिकेटर बलविंदर सिंह संधू की मंगेतर की भूमिका निभाई। समरीन पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 2’ का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

म्यूजिक वीडियो से मिली लोकप्रियता

समरीन कौर कई लोकप्रिय हिंदी और पंजाबी म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने जुबिन नौटियाल, बादशाह और गुरु रंधावा जैसे कलाकारों के साथ काम किया है। उनके गाने ‘बावला’ और ‘तुझे भूलना तो चाहा’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है।

आईपीएल 2026 से शुरू हुई थीं चर्चाएं

अर्शदीप सिंह और समरीन कौर के रिश्ते की चर्चाएं आईपीएल 2026 के दौरान शुरू हुई थीं। पंजाब किंग्स के मैचों के दौरान समरीन की मौजूदगी और सोशल मीडिया पर दोनों की गतिविधियों ने इन अटकलों को हवा दी थी। हालांकि, अब अर्शदीप की इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद दोनों के रिश्ते पर आधिकारिक मुहर लग गई है।

पहले आशीष चंचलानी के साथ भी जुड़ा था नाम

इससे पहले समरीन कौर का नाम यूट्यूबर आशीष चंचलानी के साथ भी जोड़ा गया था। दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए थे, लेकिन उस समय दोनों ने इन खबरों को महज दोस्ती बताया था। बाद में समरीन ने स्पष्ट किया था कि अब दोनों की राहें अलग हैं और वे एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।

अर्शदीप सिंह की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने दोनों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *