नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना का लाभ ले रहे करोड़ों किसान अब 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। योजना के तहत 23वीं किस्त 20 जून को जारी की गई थी। इसके बाद किसानों की नजर अगली किस्त पर टिकी हुई है। हालांकि, कृषि मंत्रालय ने अभी तक 24वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है।
अक्टूबर या नवंबर में आ सकती है अगली किस्त
पिछले वर्षों के रुझानों को देखें तो पीएम किसान योजना की अगली किस्त अक्टूबर या नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। वर्ष 2025 में 21वीं किस्त 20 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से जारी की थी। वहीं, वर्ष 2024 में 18वीं किस्त 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के वाशिम से किसानों के खातों में भेजी गई थी।
इन्हीं रुझानों के आधार पर माना जा रहा है कि इस बार भी 24वीं किस्त दिवाली के आसपास या उसके बाद जारी की जा सकती है।
क्या बढ़ेगी योजना की राशि?
पीएम किसान योजना के तहत किसानों को फिलहाल सालाना 6,000 रुपये तीन समान किस्तों में दिए जाते हैं। योजना की राशि बढ़ाने की मांग को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि फिलहाल पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने का सरकार के पास कोई प्रस्ताव नहीं है।
ऐसे में फिलहाल किसानों को अगली किस्त का इंतजार करना होगा, जबकि योजना के तहत मिलने वाली 6,000 रुपये की वार्षिक सहायता राशि में अभी किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है।