भिलाई में मुनिन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट का विशाल रक्तदान शिविर, 291 यूनिट रक्त संग्रहित

दुर्ग, 2 अगस्त 2026। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी दुर्ग के आह्वान पर मुनिन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा रविवार को भिलाई के सेक्टर-9 स्थित महिला महाविद्यालय परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 291 यूनिट रक्तदान किया।

जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने रक्तदान शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ट्रस्ट के जिला संयोजक खेमेन्द्र साहू ने शिविर के आयोजन के उद्देश्य तथा ट्रस्ट की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।

गौरतलब है कि हाल ही में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी दुर्ग द्वारा जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भिलाई के कला मंदिर, सिविक सेंटर में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सामाजिक संगठनों से रक्तदान अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की थी।

कलेक्टर की अपील पर मुनिन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट ने रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया और रेडक्रॉस की बैठक के बाद यह किसी सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित पहला बड़ा रक्तदान शिविर रहा, जिसमें 291 यूनिट रक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक के लिए संग्रहित किया गया।

शिविर में रेडक्रॉस प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. शरद पाटनकर, प्रमोद बाघ, राज अड़तिया एवं विजय ताम्रकार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशिषान मिंज, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एस.आर. चुरेन्द्र एवं उनकी टीम सहित मुनिन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट के बड़ी संख्या में सेवादार और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *