गणेश उत्सव की धार्मिक गरिमा बनाए रखने हिंदू युवा मंच ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग, 3 अगस्त। आगामी गणेश उत्सव को शास्त्रसम्मत एवं पारंपरिक स्वरूप में मनाने की मांग को लेकर हिंदू युवा मंच, दुर्ग ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा केवल शास्त्रसम्मत एवं पारंपरिक स्वरूप की भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के निर्माण, विक्रय और स्थापना सुनिश्चित कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में कुछ स्थानों पर भगवान श्री गणेश की AI-निर्मित, कार्टून, फिल्मी एवं अन्य विकृत स्वरूप की प्रतिमाओं का निर्माण और स्थापना की जा रही है, जिससे करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। संगठन ने ऐसे स्वरूपों पर तत्काल रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले मूर्तिकारों, व्यक्तियों अथवा समितियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।

प्रमुख मांगें

जिले में केवल शास्त्रसम्मत एवं पारंपरिक गणेश प्रतिमाओं के निर्माण, विक्रय और स्थापना की अनुमति दी जाए।

AI, कार्टून, फिल्मी एवं अन्य विकृत स्वरूप की प्रतिमाओं के निर्माण और स्थापना पर रोक लगाई जाए तथा उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

सभी मूर्तिकारों एवं गणेश उत्सव समितियों को शास्त्रसम्मत प्रतिमाओं के निर्माण एवं स्थापना के निर्देश जारी किए जाएं।

गणेश प्रतिमा विसर्जन यथासंभव शास्त्रसम्मत शुभ मुहूर्त में दिन के समय कराया जाए तथा स्वागत और विसर्जन के दौरान केवल भक्ति, शास्त्रसम्मत एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों के प्रसारण की अनुमति दी जाए। अश्लील, अभद्र एवं बॉलीवुड गीतों के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

हिंदू युवा मंच के प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू, महामंत्री राजेश शर्मा एवं अध्यक्ष श्री कुमार नायर के निर्देशानुसार कार्यक्रम प्रभारी राजा देवांगन के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *