दुर्ग में नहीं थम रहा अपराध: जामुल में चाकू से गोदकर शख्स की हत्या

दुर्ग। जिले में लगातार दूसरे दिन चाकूबाजी और हत्या की वारदात सामने आई है। जामुल थाना क्षेत्र के नारधा बस्ती में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 36 वर्षीय भीषम गायकवाड के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नारधा बस्ती में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने भीषम पर चाकू से हमला कर दिया।

घायल भीषम को तत्काल कुम्हारी स्थित अपैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) का मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद अब प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई है।

पुलिस ने इस मामले में जामुल निवासी 40 वर्षीय अरविंद चतुर्वेदी उर्फ लोमन को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात मामूली विवाद के चलते हुई। फिलहाल जामुल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *