यादगीर की फैक्ट्री में केमिकल लीक का कहर: दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत, 2 की हालत गंभीर

यादगीर कर्नाटक के यादगीर जिले के कदेचुर-बडियाल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में केमिकल लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। जहरीले केमिकल के रिसाव के कारण दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान तेलंगाना के महबूबनगर जिले के निवासी कटला गणेश तथा मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विक्रम सिंह गोंडा और संजय सिंह गोंडा के रूप में हुई है।

घटना में घायल मंचला हेमंत और मंचला शिवकुमार, जो आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के रहने वाले हैं, का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद फैक्ट्री में कामकाज तत्काल रोक दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सैदापुर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा केमिकल रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *