कार्यस्थल पर उत्पीड़न की शिकायत अब पुरुष भी कर सकेंगे

  • रिसाली निगम में कार्यशाला आयोजित
  • आंतरिक परिवाद समिति की कार्यप्रणाली की दी गई जानकारी

रिसाली। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रिसाली नगर निगम के सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयुक्त मोनिका वर्मा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला में मेरी भागीदारी संस्था की निशा देशमुख और अमोल मालुसरे ने आंतरिक परिवाद समिति (आईसीसी) के गठन, कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

निशा देशमुख ने कहा कि समाज में महिला और पुरुष दोनों की समान सहभागिता है तथा महिलाएं हर क्षेत्र में बराबरी के अधिकार के साथ कार्य कर रही हैं। कई बार विषम परिस्थितियों में महिलाएं सामाजिक और व्यक्तिगत सम्मान प्रभावित होने के डर से शिकायत करने से हिचकिचाती हैं। उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि आंतरिक परिवाद समिति में की गई शिकायत और उस पर होने वाली कार्रवाई गोपनीय रखी जाती है। ऐसे में शिकायतकर्ता की पहचान सार्वजनिक होने का सवाल नहीं उठता।

उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर उत्पीड़न से संबंधित शिकायत पुरुष कर्मचारी भी आंतरिक परिवाद समिति के समक्ष रख सकते हैं। कार्यशाला में कर्मचारियों को उनके अधिकारों और शिकायत की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

समिति स्वयं भी ले सकती है संज्ञान

निशा देशमुख ने बताया कि आंतरिक परिवाद समिति का कार्यक्षेत्र व्यापक है। कई बार पीड़िता भय या अन्य कारणों से स्वयं शिकायत नहीं कर पाती। ऐसी स्थिति में यदि किसी घटना की जानकारी समिति के संज्ञान में आती है तो समिति बैठक बुलाकर मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई कर सकती है। उन्होंने कहा कि घटना सामने आने पर पीड़ित पक्ष की ओर से कोई अन्य व्यक्ति भी समिति के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर सकता है। हालांकि शिकायत की प्रमाणिकता से जुड़े आवश्यक तथ्यों को प्रस्तुत करना होगा।

दोष सिद्ध होने पर नौकरी भी जा सकती है

कार्यशाला में बताया गया कि शिकायत की जांच के बाद यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। पर्याप्त आधार मिलने पर समिति बर्खास्तगी, वेतन वृद्धि रोकने अथवा अन्य निर्धारित दंड की अनुशंसा करते हुए अपना प्रतिवेदन नियोक्ता के समक्ष प्रस्तुत कर सकती है। इसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *