भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले के जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने मौके पर रेड कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर मैनेजर तनय सोनी द्वारा ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराने तथा हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से महिलाओं/लड़कियों को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई। मौके पर ग्राहक और अन्य संबंधित व्यक्ति भी पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से 19 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है, तथा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा ग्राहकों एवं देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
ये 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
ऐसे चल रहा था कथित कारोबार
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराया जाता था। महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं/लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था, जबकि स्पा सेंटर मैनेजर इस गतिविधि का संचालन करता था।
आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी स्पा सेंटर, होटल या अन्य संस्थान में अवैधानिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना सुपेला एवं चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेड की और आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित सामग्री एवं दस्तावेज जब्त किए।