पत्थर खदान में नहाते समय डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF ने 30 फीट गहराई में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

बेमेतरा। बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम ने दूसरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे चार दोस्त चंडी भाठा पत्थर खदान पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय हर्ष दास पिता गोपाल दास (22 वर्ष), निवासी भानपुरी, रायपुर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग को दी गई।

सूचना मिलने के बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम 10 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने करीब 30 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग कर युवक की तलाश शुरू की। करीब सुबह 8:15 बजे टीम को सफलता मिली और युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रभारी धनीराम यादव के साथ जवान चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, राजेश नेताम, रमेश रात्रे, भूपेंद्र सिंह, कुंजेश कुमार, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, ओंकार और शारदा प्रसाद शामिल रहे।

एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई और डीप डाइविंग विशेषज्ञों के प्रयास से करीब 30 फीट गहराई से शव बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *