युवाओं को सफलता का मंत्र दे गए ओपी चौधरी, बोले- हौसले मजबूत रखें और आगे बढ़ें

रायपुर: उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को जिला ऑडिटोरियम, बलौदाबाजार में ‘नशामुक्त विकसित भारत, नशामुक्त सशक्त युवा’ एवं संत रविदास जयंती के अवसर पर युवा नेतृत्व एवं कौशल विकास क्षमता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को जीवन की चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

युवाओं में अपार ऊर्जा और सामर्थ्य

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और सामर्थ्य है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाए तो समाज और देश में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने आदि शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस और शहीद भगत सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन लोगों ने कम उम्र में ही असाधारण उपलब्धियां हासिल कीं और आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयां आने पर घबराकर हार नहीं माननी चाहिए। चुनौतियों का डटकर सामना करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। मंत्री ने सड़क के गड्ढों का उदाहरण देते हुए कहा कि गड्ढों के कारण हम अपनी यात्रा नहीं रोकते, बल्कि उन्हें पार करके आगे बढ़ते हैं। इसी तरह जीवन की बाधाओं को पार करते हुए लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।

सफलता के लिए जुनून और कौशल जरूरी

चौधरी ने युवाओं से अपने भीतर जुनून और कुछ कर गुजरने की इच्छा पैदा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए चुनौतियों का सामना करने के साथ सोच-समझकर जोखिम लेने की क्षमता भी विकसित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

डिग्री के साथ कौशल पर जोर

वित्त मंत्री ने कहा कि आज के समय में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कौशल विकसित करना होगा और बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 200 युवाओं को यूपीएससी की निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।

सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल करें युवा

ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह विचारों के आदान-प्रदान, ज्ञान हासिल करने और सीखने का प्रभावी माध्यम है। युवाओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक विचारों, ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों के लिए करना चाहिए। उन्होंने नकारात्मक और भ्रामक सामग्री से दूरी बनाने की अपील की।

नशे से दूर रहने की अपील

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज और राष्ट्र के सामने गंभीर चुनौती है। केवल नशे की आलोचना करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इसके खिलाफ समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा नशे के चंगुल में फंसते हैं तो इसका नुकसान पूरे राष्ट्र को उठाना पड़ता है। संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए छत्तीसगढ़ को विकसित और अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *