‘आवारापन 2’ की रिलीज पर पाकिस्तानी सिंगर का सरप्राइज, ‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ हुआ रिलीज

मुंबई: इमरान हाशमी की मच अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। करीब 19 साल बाद ‘आवारापन’ की कहानी को आगे बढ़ाया गया है। फिल्म की रिलीज के साथ ही पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद ने फैंस को खास सरप्राइज दिया है। उन्होंने 2007 की फिल्म के लोकप्रिय गाने ‘तेरा मेरा रिश्ता’ का नया वर्जन ‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ रिलीज किया है।

रिलीज के साथ लौटाया पुराना म्यूजिक का जादू

साल 2007 में आई ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर भले ही बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी थी, लेकिन समय के साथ यह फिल्म कल्ट क्लासिक बन गई। फिल्म की कहानी के साथ इसके गाने भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुए।

मुस्तफा जाहिद की आवाज में ‘तेरा मेरा रिश्ता’ और ‘तो फिर आओ’ जैसे गानों ने फिल्म के म्यूजिक को अलग पहचान दिलाई थी। ‘आवारापन 2’ की रिलीज के मौके पर मुस्तफा ने अपने अंदाज में इस पुराने गाने को फिर से पेश किया है।

भारत-पाकिस्तान के लोगों को समर्पित किया गाना

मुस्तफा जाहिद ने ‘Tera Mera Rishta 2.0’ को भारत और पाकिस्तान के लोगों को समर्पित किया है। गाने की शुरुआत में दिए गए संदेश में कला को सीमाओं से ऊपर रखने और संगीत व प्यार को मतभेदों से आगे रखने की बात कही गई है।

मुस्तफा ने सोशल मीडिया पर गाना साझा करते हुए फैंस का शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने कहा कि प्रशंसकों ने इतने वर्षों तक इस गाने को अपने दिल में जिंदा रखा और अब वह इसे उन्हें वापस कर रहे हैं।

https://www.instagram.com/reel/DcAucq-STct/?utm_source=ig_web_button_share_sheet

‘आवारापन 2’ में नए वर्जन में गाना

‘आवारापन 2’ के आधिकारिक म्यूजिक एल्बम में मुस्तफा जाहिद की आवाज शामिल नहीं है। मेकर्स ने ‘तेरा मेरा रिश्ता’ को नए अंदाज में पेश किया है। फिल्म के साउंडट्रैक में ‘तेरा मेरा रिश्ता कंटिन्यूज’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता-न्यू वर्जन’ शामिल हैं।

इन नए वर्जन को साज भट्ट और सुबोध शर्मा ने आवाज दी है, जबकि संगीत को मिथुन ने रीक्रिएट किया है। वहीं, मुस्तफा जाहिद का ‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ रिलीज होते ही पुराने फैंस के बीच चर्चा में आ गया है।

19 साल बाद शिवम के किरदार में लौटे इमरान हाशमी

‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम के किरदार में नजर आ रहे हैं। करीब 19 साल बाद फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाया गया है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म की रिलीज के साथ ‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ ने 2007 की ‘आवारापन’ की पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *