स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में बम धमाके की धमकी, हाई कोर्ट-एयरपोर्ट समेत कई जगहों पर बढ़ी सुरक्षा

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया, जब कई प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

धमकी मिलने वाले स्थानों में दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, एमबी साकेत ऑफिस/डीएम ऑफिस, दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट का एसडीएम ऑफिस शामिल बताए गए हैं।

कई स्थानों पर पहुंची दमकल की गाड़ियां

धमकी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने संबंधित स्थानों पर अपने वाहन भेजे। एहतियात के तौर पर कुछ जगहों को खाली कराया गया। पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमों ने मौके पर पहुंचकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

अब तक की जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, स्वतंत्रता दिवस से पहले मिली धमकी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।

हाई कोर्ट में बॉम्ब स्क्वायड ने की जांच

दिल्ली हाई कोर्ट को धमकी मिलने के बाद परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। बॉम्ब स्क्वायड और स्निफर डॉग्स की मदद से कोर्ट परिसर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की गई।

हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी और वकील कुनाल के मुताबिक, शुरुआती तौर पर धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। ऐसे में एक साथ कई महत्वपूर्ण स्थानों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है।

पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच जारी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *