नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के गठन को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद फडणवीस के महाराष्ट्र की राजनीति छोड़कर केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी संभालने की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, मुख्यमंत्री ने इन चर्चाओं को साफ तौर पर खारिज कर दिया है।
दिल्ली जाने की अटकलों पर फडणवीस का जवाब
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने दिल्ली जाने की खबरों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को उनके नाम पर चर्चा करने में काफी आनंद आता है। उन्होंने कहा कि चाहे वे दिल्ली में रहें या मुंबई में, अटकलें लगाने वाले हमेशा चर्चा करते रहते हैं।
फडणवीस ने स्पष्ट किया कि वह मुंबई में ही रहकर महाराष्ट्र की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।
महाराष्ट्र की विकास परियोजनाओं पर हुई चर्चा
फडणवीस ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी से उनकी मुलाकात का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था। बैठक में राज्य की महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, औद्योगिक विकास और केंद्र से लंबित मंजूरियों को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता है और इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री के साथ बातचीत हुई।
BJP की नई राष्ट्रीय टीम पर भी बोले फडणवीस
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महाराष्ट्र के नेताओं को मिली जगह पर फडणवीस ने कहा कि वह बैठक से अभी बाहर निकले हैं और पूरी सूची नहीं देख पाए हैं। हालांकि, अगर महाराष्ट्र के नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है तो यह राज्य के लिए खुशी की बात है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं ने बढ़ाई हलचल
दरअसल, संसद के मॉनसून सत्र के बाद से केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार और फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच कुछ केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे और भाजपा संगठन में हुए बदलावों के कारण अटकलों का दौर और तेज हुआ।
इसी राजनीतिक माहौल में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने दावा किया था कि देवेंद्र फडणवीस को केंद्र की राजनीति में लाया जा सकता है। हालांकि, फडणवीस के ताजा बयान से फिलहाल इन अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि उनका फोकस फिलहाल महाराष्ट्र और राज्य के विकास कार्यों पर है।