इमरान हाशमी का नया धमाका, ‘आशिक बनाया आपने’ फेम डायरेक्टर संग फिर करेंगे काम

हैदराबाद। अभिनेता इमरान हाशमी इन दिनों अपनी फिल्म ‘आवारापन 2’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद अब अभिनेता एक और बड़े प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। इमरान हाशमी एक बार फिर फिल्म निर्माता आदित्य दत्त और संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ काम करने जा रहे हैं। तीनों की यह जोड़ी फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ में नजर आएगी।

20 साल बाद फिर साथ आई ‘आशिक बनाया आपने’ की टीम

‘गनमास्टर जी9’ के जरिए इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया की तिकड़ी करीब दो दशक बाद फिर साथ आ रही है। इससे पहले तीनों ने 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ में साथ काम किया था।

फिल्म में इमरान हाशमी की रोमांटिक छवि और हिमेश रेशमिया का संगीत खूब लोकप्रिय हुआ था। खासकर फिल्म का टाइटल ट्रैक आज भी दर्शकों के बीच चर्चित है।

27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया। ‘गनमास्टर जी9’ 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में रोमांस और संगीत के साथ स्टाइलिश एक्शन का तड़का देखने को मिलेगा।

रिलीज डेट की घोषणा करते हुए इमरान हाशमी ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर किया और बताया कि ‘गनमास्टर जी9’ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है।

इमरान के साथ पहली बार नजर आएंगी जेनेलिया

‘गनमास्टर जी9’ में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख पहली बार स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। फिल्म में अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।

निर्देशक आदित्य दत्त ने फिल्म को अपने करियर के चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक बताया है। उनके मुताबिक, टीम ने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस, भावनात्मक दृश्यों और हर फ्रेम को प्रभावशाली बनाने पर खास ध्यान दिया है।

रोमांस, एक्शन और म्यूजिक का होगा जबरदस्त कॉम्बिनेशन

निर्माता दीपक मुकुट ने बताया कि इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया को दोबारा एक साथ लाना टीम की लंबे समय से इच्छा थी। फिल्म में रोमांस, एक्शन और संगीत को प्रमुखता दी गई है।

फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने किया है। यह प्रोजेक्ट सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट और हिमेश रेशमिया के बीच एक और सहयोग भी है। इससे पहले दोनों ‘सनम तेरी कसम’ और ‘जीनियस’ जैसी फिल्मों के लिए साथ काम कर चुके हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘आशिक बनाया आपने’ की लोकप्रिय तिकड़ी की यह नई फिल्म दर्शकों के बीच कितना असर छोड़ पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *