रक्षाबंधन से पहले बहनों को बड़ा तोहफा, विष्णु भैया ने जारी की महतारी वंदन की किस्त

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त के रूप में प्रदेश की पात्र महिलाओं को आर्थिक संबल दिया है। योजना के तहत 7 अगस्त 2026 तक 19,444 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की राशि पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। रक्षाबंधन से पहले खाते में पहुंची इस राशि से महिलाओं में उत्साह है और त्योहार की खुशियां भी बढ़ गई हैं।

हर महीने मिल रही एक हजार रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जाती है।

सरकार के मुताबिक, योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके सम्मान, स्वाभिमान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

रक्षाबंधन से पहले खाते में आई राशि

रक्षाबंधन से ठीक पहले महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग राखी, मिठाई और भाइयों के लिए उपहार खरीदने के साथ ही घर की जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं।

महिलाओं का कहना है कि यह राशि उनके लिए सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने छोटे-बड़े फैसले खुद लेने का भरोसा भी देती है।

बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों में मदद

सूरजपुर जिले की तेज कुमारी, मंजू रजवाड़े, पुनिया प्रजापति, शहनाज बेगम, गणेश्वरी प्रजापति, मेनका रजवाड़े और लता केंवट जैसी महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना की राशि से बच्चों की पढ़ाई, पौष्टिक भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

महिलाओं ने शुरू किया स्वरोजगार

महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग कुछ महिलाएं स्वरोजगार शुरू करने के लिए भी कर रही हैं। मुंगेली विकासखंड के ग्राम घुठेरा की अनीता गंधर्व ने योजना की राशि की बचत कर मुंगेली के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में सिलाई और मनिहारी की दुकान शुरू की। इससे उन्हें नियमित आय का जरिया मिला है।

इसी तरह जांजगीर-चांपा की शबीना बेगम, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की गायत्री श्रीवास्तव और रायगढ़ की राशी कंवर ने भी सहायता राशि का उपयोग सिलाई मशीन और अन्य जरूरी सामान खरीदकर अपनी आजीविका मजबूत करने में किया है।

बेटी के भविष्य के लिए कर रहीं बचत

कोरबा की शकुंतला कुर्रे महतारी वंदन की राशि का इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई के साथ अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कर रही हैं। वह इस राशि से सुकन्या समृद्धि योजना में बचत कर रही हैं।

30 किस्तों से महिलाओं को मिला नियमित आर्थिक संबल

1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 30 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश की मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

रक्षाबंधन से पहले मिली 30वीं किस्त ने महिलाओं के लिए त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया है। सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें परिवार और समाज में अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *