नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से देशभर में व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने राष्ट्रीय बैठक के बाद प्रेस वार्ता में अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार हर वर्ष आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ को और व्यापक रूप देते हुए करीब एक महीने तक विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर विशेष अभियान
विनोद तावड़े ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इस वर्ष 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने 17 सितंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम को विस्तार देते हुए पूरे देश में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया है।
‘सेवा सेतु’ से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ
अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ पहल शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से उन लोगों की मदद की जाएगी, जो आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
विकासखंड स्तर पर 15 दिनों तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं के लिए नेशनल इनोवेशन चैलेंज
भाजपा अभियान के दौरान युवाओं को स्थानीय समस्याओं के समाधान और शोध के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित करेगी। इसमें युवाओं को स्थानीय सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा ‘सेवा में मेरा योगदान’ पहल के तहत युवाओं से सफाई, पौधरोपण और टीबी उन्मूलन जैसे सेवा कार्यों में भाग लेने की अपील की जाएगी। इन गतिविधियों से जुड़ी प्रेरणादायी रील बनाकर साझा करने के लिए भी युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
अभियान के दौरान देशभर के 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा कार्यकर्ता आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करेंगे और ‘आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान
विनोद तावड़े के मुताबिक, अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। 31 अगस्त तक राज्य स्तर पर बैठकें और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जिला स्तर पर भी बैठकों और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा का कहना है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।