रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू करने की दिशा में राज्य शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की उपस्थिति में आगामी 27 अगस्त 2026 को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन कन्वेंशन हॉल, न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन, रायपुर में होगा।
इस महत्वपूर्ण विषय पर व्यापक विचार-विमर्श के लिए विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें आयोग, निगम, मंडल, विभिन्न सामाजिक संगठन, समाज प्रमुख, विकास प्राधिकरणों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
UCC के प्रावधानों और सामाजिक प्रभावों पर होगी चर्चा
राज्य स्तरीय बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों, सामाजिक प्रभावों और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में शामिल प्रतिनिधि अपने विचार, अनुभव और सुझाव समिति के समक्ष रखेंगे।
राज्य शासन का उद्देश्य विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए समावेशी और संतुलित प्रारूप तैयार करना है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की राय और सुझावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अलग-अलग समूहों से भी लिए जाएंगे सुझाव
UCC को लेकर व्यापक चर्चा के लिए विभिन्न समूहों को पृथक रूप से भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके जरिए अलग-अलग सामाजिक और विशेषज्ञ समूहों से विषयवार सुझाव लिए जाएंगे।
इसके अलावा नागरिकों और अन्य हितधारकों को समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रस्तावित प्रारूप पर ऑनलाइन सुझाव देने का अवसर भी मिलेगा। शासन का प्रयास है कि व्यापक विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों के आधार पर सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया तय की जाए।