रायपुर, 25 अगस्त 2026। नवा रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी आज, 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।
कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 भवन
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना के तहत सेक्टर-12 फेस-2 की शेष 29.20 एकड़ भूमि पर HIG और MIG श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन आवासों का बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपए से 85.17 लाख रुपए तक निर्धारित किया गया है।
नवा रायपुर में आधुनिक सुविधाओं और बेहतर आवासीय व्यवस्था की बढ़ती मांग को देखते हुए इस परियोजना को लेकर लोगों में विशेष रुचि देखी जा रही है।
अगले चरण में बनेंगे 704 नए फ्लैट
आवासीय मांग को देखते हुए सेक्टर-12 फेस-2 में आगामी चरण में 704 नए फ्लैटों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इनमें 128 HIG, 320 MIG और 256 LIG श्रेणी के फ्लैट शामिल होंगे।
इन फ्लैटों का प्रस्तावित बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख रुपए से 40.47 लाख रुपए तक होगा। इससे अलग-अलग आय वर्ग के परिवारों को नवा रायपुर अटल नगर में आधुनिक और सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नवा रायपुर में लगातार बढ़ रहा आवासीय विस्तार
नवा रायपुर अटल नगर में आधुनिक अधोसंरचना, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाओं और शासकीय एवं निजी कार्यालयों के विस्तार के कारण आवासीय भवनों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल योजनाबद्ध तरीके से नई आवासीय परियोजनाओं का विस्तार कर रहा है।
मंडल ने वर्ष 2007 में सेक्टर-27 की 154 एकड़ भूमि पर अपनी पहली आवासीय कॉलोनी शुरू की थी, जहां 2665 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट बनाए गए। इसके बाद वर्ष 2011 में सेक्टर-29 की 145 एकड़ भूमि पर दूसरी आवासीय कॉलोनी विकसित की गई, जिसमें 3012 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट बनाए गए।
PMAY और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी बड़े प्रोजेक्ट
प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सेक्टर-16, 30 और 34 की 43 एकड़ भूमि पर कमजोर आय वर्ग के लिए 2312 EWS और 2232 LIG, कुल 4544 फ्लैटों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 1871 भवनों का आधिपत्य हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है, जहां हितग्राही निवासरत हैं।
वहीं, सेक्टर-12 फेस-1 में 40.06 एकड़ भूमि पर शुरू की गई परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के 450 स्वतंत्र भवनों का निर्माण एवं विकास कार्य पूरा हो चुका है और इन्हें आबंटियों को सौंपा जा चुका है।
नवा रायपुर अटल नगर तेजी से आधुनिक अधोसंरचना के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। बेहतर नागरिक सुविधाओं, सुव्यवस्थित यातायात और स्वच्छ वातावरण के कारण यहां लोगों की आवासीय रुचि लगातार बढ़ रही है। नई परियोजना से विभिन्न आय वर्ग के लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के साथ ही नवा रायपुर के सुनियोजित विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।