रायगढ़। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 34 में आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वार्डवासियों को बेहतर जल निकासी की सुविधा मिलने के साथ बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर के विकास के लिए मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर में सड़क, नाली, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि वार्डों की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। आर.सी.सी. नाली के निर्माण से बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित होगी। इससे जलभराव की समस्या कम होने के साथ क्षेत्र में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार आएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जल निकासी संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।