रायपुर, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी और आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नवीन शाखा एवं भवन का विधिवत शुभारंभ किया। शाखा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को अब बैंकिंग कार्यों के लिए करीब 5 किलोमीटर दूर फरसाबहार नहीं जाना पड़ेगा।
नई शाखा के माध्यम से ग्रामीणों को बचत खाते, ऋण, बीमा सहित विभिन्न बैंकिंग सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को भी आर्थिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
60 गांवों के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडरीपानी में एसबीआई की शाखा खुलना क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति है। बोखी, सहसपुर, भगोरा, बनगांव, सीमाबाड़ी, मुंडाडीह और सरईटोली समेत आसपास के करीब 60 गांवों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गांवों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। किसानों को कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड, छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों को व्यवसायिक ऋण तथा आम नागरिकों को गृह, वाहन और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शाखा के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही करीब 200 लोगों ने बैंक खाते खुलवा लिए हैं, जो क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं की जरूरत और ग्रामीणों के उत्साह को दर्शाता है।
पंडरीपानी समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए कई घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम और बाजारपारा में मंगल भवन बनाने की घोषणा की। इसके अलावा अंबाकछार और सीमाबाड़ी में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक करीब 7 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की। वहीं मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम और हाईस्कूल प्रांगण के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण का भी ऐलान किया गया।
हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा राशि वितरित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न बैंकिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नौ हितग्राहियों को 50 हजार रुपये से लेकर 1 लाख 90 हजार रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक दिए गए। फरसाबहार विकासखंड की किसान लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया।
शहीद प्रधान आरक्षक के परिवार को एक करोड़ की बीमा राशि
मुख्यमंत्री साय ने जशपुर के प्रधान आरक्षक स्वर्गीय राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक भी प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सरकार संवेदनशील है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
पंडरीपानी में एसबीआई की नई शाखा शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि अब बैंकिंग के छोटे-बड़े कामों के लिए फरसाबहार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इससे ग्रामीणों के समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी। किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।