अमृतसर। अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार सुबह SpiceJet की दुबई जाने वाली फ्लाइट में करीब 17 घंटे की देरी की सूचना मिलने के बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर जमकर हंगामा किया और एयरलाइन कर्मचारियों के साथ बहस की। इस दौरान यात्रियों ने ‘SpiceJet मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए।
यात्रियों के अनुसार, दुबई जाने वाली फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8:40 बजे था। बाद में इसे बढ़ाकर सुबह 11 बजे कर दिया गया। इसके बाद यात्रियों को काउंटर पर जानकारी दी गई कि फ्लाइट करीब 17 घंटे की देरी से रवाना होगी। अचानक इतनी लंबी देरी की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई।
धूप में बच्चों के साथ इंतजार करते दिखे यात्री
फ्लाइट में देरी के कारण कई यात्री एयरपोर्ट पर अपने बच्चों के साथ इंतजार करते नजर आए। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से उन्हें देरी को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि समस्या सुनने और समाधान बताने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी भी मौके पर सामने नहीं आया।
रिफंड और वैकल्पिक फ्लाइट को लेकर भी नाराजगी
यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें टिकट के रिफंड को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। इसके अलावा वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था, यात्रियों के ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर भी एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
एक यात्री ने DGCA के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि फ्लाइट में इस तरह की लंबी देरी होने की स्थिति में यात्रियों को नियमानुसार रिफंड या वैकल्पिक यात्रा की सुविधा मिलनी चाहिए।
यात्रियों ने SpiceJet से फ्लाइट में देरी का स्पष्ट कारण बताने के साथ ही जल्द से जल्द रिफंड, वैकल्पिक टिकट और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। फ्लाइट में देरी को लेकर यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच काफी देर तक बहस की स्थिति बनी रही।