बिना बताए 11 दिन से गायब स्वास्थ्य पर्यवेक्षक निलंबित, संभागीय संयुक्त संचालक की बड़ी कार्रवाई

सूरजपुर/अंबिकापुर।स्वास्थ्य विभाग में कार्य के प्रति लापरवाही और बिना पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक (स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमेश्वरपुर में पदस्थ पुरुष स्वास्थ्य पर्यवेक्षक देवेन्द्रनाथ दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

15 अगस्त से थे नदारदप्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरुष पर्यवेक्षक देवेन्द्रनाथ दुबे बीते 15 अगस्त से लगातार 11 दिनों तक अपने कार्यस्थल से बिना किसी पूर्व सूचना अथवा आवेदन के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे थे। राष्ट्रीय पर्व के बाद से इस तरह बिना बताए गायब रहने को विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है।

नोटिस का भी नहीं दिया जवाबइस संबंध में बीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर द्वारा 19 अगस्त को संबंधित कर्मचारी को ‘कारण बताओ नोटिस’ (शो-कॉज़ नोटिस) भी जारी किया गया था। इसके बावजूद कर्मचारी ने न तो नोटिस का कोई जवाब प्रस्तुत किया और न ही अपनी ड्यूटी पर उपस्थिति दी।

सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाईबीएमओ प्रेमनगर द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए संयुक्त संचालक ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का खुला उल्लंघन माना।

 इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से लापरवाही बरतने वाले अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *