श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। अशदार गली इलाके में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक आतंकी मारा गया। उसके पास से एक एके राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। वहीं, इलाके में एक अन्य आतंकी के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
युसमर्ग के जंगलों में संदिग्ध गतिविधि की मिली थी सूचना
सुरक्षा एजेंसियों को बीते दिनों युसमर्ग के ऊपरी जंगली इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान घने जंगलों में छिपे आतंकियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई।
अतिरिक्त जवानों ने संभाला मोर्चा
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही आसपास के सैन्य शिविरों से अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया। जवानों ने अशदार गली इलाके की चारों तरफ से घेराबंदी कर आतंकियों के भागने के संभावित रास्तों को बंद कर दिया।
सुरक्षाबलों की कार्रवाई के दौरान एक आतंकी को मार गिराया गया। उसके कब्जे से एक एके राइफल और बड़ी मात्रा में युद्धक गोला-बारूद बरामद हुआ है।
दूसरे आतंकी की तलाश जारी
अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन जारी रखा है। रुक-रुक कर फायरिंग की भी सूचना है।
सुरक्षाबल दूसरे आतंकी को भी पकड़ने या ढेर करने के लिए सावधानीपूर्वक अभियान चला रहे हैं। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ऑपरेशन पूरा होने तक तलाशी अभियान जारी रहने की संभावना है।