मिथुन दा की नई भूमिका तय, सीएम शुभेंदु अधिकारी ने किया सांस्कृतिक सलाहकार बनाने का ऐलान

मुंबई पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दिग्गज अभिनेता और मेगास्टार मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार का नया सांस्कृतिक सलाहकार बनाए जाने का ऐलान किया। यह घोषणा कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके न्यू टाउन में ‘उत्तम कुमार फिल्म सेंटर’ के शिलान्यास समारोह के दौरान की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फिल्म और संस्कृति जगत से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मामलों में सरकार अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करेगी। सरकार की भूमिका फिल्म और संस्कृति से जुड़े लोगों को जरूरी सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने की होगी।

25 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा फिल्म सेंटर

न्यू टाउन में प्रस्तावित ‘उत्तम कुमार फिल्म सेंटर’ के निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए राज्य के सूचना एवं संस्कृति मामलों के विभाग की ओर से राशि पहले ही मंजूर की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म सेंटर के डिजाइन को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी बंगाली फिल्म जगत से जुड़े विशेषज्ञों को दी जाएगी। सरकार इसमें अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर मिलना चाहिए।

तीन हिस्सों में तैयार होगा सेंटर

‘उत्तम कुमार फिल्म सेंटर’ को कोलकाता के सेंट्रल इलाके में स्थित नंदन कल्चरल सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर को तीन प्रमुख हिस्सों में बांटा जाएगा।

पहले हिस्से में दो सिनेमा हॉल बनाए जाएंगे, जिनमें करीब 750 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अलावा प्रीव्यू थिएटर, फूड कोर्ट और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

दूसरे हिस्से में करीब 1,000 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके साथ ओपन-एयर थिएटर भी होगा, जहां फिल्मों से जुड़े कार्यक्रमों के अलावा विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन किए जा सकेंगे।

तीसरे हिस्से को आधुनिक तकनीक और फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए तैयार किया जाएगा। यहां एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स, एक्सटेंडेड रियलिटी और पोस्ट-प्रोडक्शन से जुड़े कामों के लिए लैब और स्टूडियो बनाए जाएंगे।

मानसून के बाद शुरू होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म सेंटर के लिए मिट्टी की जांच और जमीन का चयन पहले ही पूरा किया जा चुका है। फिलहाल विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। मानसून का मौसम खत्म होने के बाद पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तहत काम करने वाली एजेंसियां निर्माण कार्य शुरू करेंगी।

उन्होंने राज्य के सूचना एवं संस्कृति सचिव सौमित्र मोहन और डब्ल्यूबीएचआईडीसीओ के प्रबंध निदेशक बिभु गोयल को शताब्दी समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर फिल्म सेंटर के डिजाइन को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगी नई जिम्मेदारी

इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिनेता से राजनेता बने मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार बनाए जाने की घोषणा की। मिथुन चक्रवर्ती ने बंगाली और हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

अब वह राज्य सरकार के साथ सांस्कृतिक मामलों से जुड़े विषयों पर सलाह देने की भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को बंगाली फिल्म और सांस्कृतिक जगत में अहम कदम माना जा रहा है।

टॉलीवुड के दिग्गजों को किया जाएगा सम्मानित

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में टॉलीवुड से जुड़े कई प्रमुख लोगों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 6 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे।

सम्मान पाने वाले लोगों की सूची फिल्म जगत से जुड़े लोगों की समिति द्वारा तैयार की जाएगी। सरकार का कहना है कि बंगाली सिनेमा और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों को उचित सम्मान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *