अमृतसर। अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास रविवार देर रात आसमान में संदिग्ध उड़ती हुई वस्तुएं नजर आने से हड़कंप मच गया। रनवे के आसपास दो से चार ऐसी वस्तुएं दिखाई दीं, जो पहली नजर में ड्रोन जैसी प्रतीत हुईं। संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट हो गईं।
सुरक्षा के लिहाज से एहतियाती कदम उठाते हुए अमृतसर पहुंचने वाली 7 उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया। इनमें कुछ विमानों को दिल्ली और कुछ को चंडीगढ़ भेजा गया। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
रनवे के आसपास दिखीं संदिग्ध उड़ती वस्तुएं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध वस्तुएं रुड़ाला गांव की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती हुई दिखाई दीं। कुछ समय तक इनकी गतिविधि रनवे और उसके आसपास के संवेदनशील हवाई क्षेत्र में नजर आई। सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित अमृतसर एयरपोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए इस घटना को गंभीरता से लिया गया।
CISF और पंजाब पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही CISF, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के साथ संदिग्ध वस्तुओं की गतिविधियों पर नजर रखी गई। एजेंसियों ने यह पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी कि आसमान में दिखाई देने वाली वस्तुएं वास्तव में ड्रोन थीं या किसी अन्य प्रकार की उड़ने वाली वस्तुएं।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की ओर से यह पुष्टि नहीं की गई है कि एयरपोर्ट के पास दिखाई देने वाली वस्तुएं ड्रोन ही थीं। उनके स्रोत, दिशा और पहचान का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही संदिग्ध गतिविधि की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।