दुर्ग। गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में तेज बहाव के दौरान बहे युवक का शव एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने दो दिनों तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया। घटना 6 सितंबर 2026 की शाम की है। युवक अपने दो साथियों के साथ शिवनाथ नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंचा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक नदी किनारे मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक बर्तन धोने के लिए नदी के पानी के पास गया, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक नदी की धार में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी में तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार तलाश जारी रखी।
6 सितंबर की शाम से 7 सितंबर तक चले दो दिवसीय सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ टीम को सफलता मिली। कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मृतक की पहचान सहदेव महोबिया (32 वर्ष), पिता मुरली महोबिया, निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है।
प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने बरसात के मौसम को देखते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे उफनती नदियों, जलाशयों और गहरे जलस्रोतों के आसपास जाने से बचें। नदी और जलस्रोतों में तेज बहाव के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई है।