भिलाई। हाईटेक अस्पताल में करीब 32 लाख रुपये की राशि के गबन के मामले में पुलिस ने अस्पताल के कैशियर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कैशियर ने अस्पताल की रकम बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली और बाद में फर्जी ई-मेल के जरिए रकम बैंक में जमा होने की गलत जानकारी देकर अस्पताल प्रबंधन को गुमराह करता रहा।
मामले में हाईटेक अस्पताल भिलाई के संचालक मनोज अग्रवाल ने स्मृतिनगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, अस्पताल में पिछले करीब छह वर्षों से कैशियर के पद पर कार्यरत 46 वर्षीय जसविंदर सिंह पर अस्पताल की रकम बैंक में जमा नहीं करने का आरोप लगाया गया।
दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए करीब 32 लाख रुपये की राशि का गबन किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने रकम बैंक में जमा करने के संबंध में ई-मेल के माध्यम से गलत जानकारी भेजी और वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया।
गबन की रकम से खरीदा मोबाइल जब्त
जांच और पूछताछ के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जसविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गबन की रकम से खरीदा गया सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत की कार्रवाई की है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है। जांच के दौरान गबन से जुड़े अन्य तथ्यों और लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।