मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया स्वदेशी मेला के पोस्टर एवं ब्रोशर का विमोचन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष विभिन्न जिलों में ‘स्वदेशी मेला’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई भारतीय विपणन विकास केंद्र (CBMD) द्वारा आयोजित किए जाने वाले स्वदेशी मेले के आधिकारिक ब्रोशर और पोस्टर का विमोचन किया।

आयोजकों के मुताबिक इस वर्ष स्वदेशी मेले की शुरुआत जगदलपुर-बस्तर से होगी और इसका आयोजन प्रदेश के करीब 10 स्थानों/जिलों में किया जाएगा। मेला बस्तर से शुरू होकर अंबिकापुर-सरगुजा तक पहुंचेगा। जगदलपुर, बिलासपुर, रायपुर, भिलाई-दुर्ग, राजनांदगांव और अंबिकापुर सहित विभिन्न स्थानों पर मेले के आयोजन की योजना है। मेले की विस्तृत तिथियां और स्थानों की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वदेशी मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कारीगरों, स्व-सहायता समूहों और स्वदेशी उद्योगों को बड़ा प्रोत्साहन मिलता है। ऐसे मेले स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में मेले के आयोजन की पहल को उपयोगी बताते हुए इसे स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।

विमोचन कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहे मौजूद

ब्रोशर और पोस्टर विमोचन के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, डॉ. सुशील श्रीवास्तव, डॉ. प्रफुल्ल शर्मा, गुलशन ऋषि, अरुणा दीक्षित, युगबोध अग्रवाल, अमर बंसल, सुब्रत चाकी, दिनेश पाटिल, चेंबर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, अमरजीत सिंह छाबड़ा, विष्णु साव, विनोद डड्ढा, योगेश बागड़ी, शंकर सचदेव, विनय सिंह सहित स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी। आयोजकों ने बताया कि स्वदेशी मेले के आयोजन से संबंधित स्थान और तिथियों की विस्तृत जानकारी आगामी दिनों में जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *