कॉलेजों की रिक्त सीटों पर अब 19 सितंबर तक प्रवेश, उच्च शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा के निर्देश पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी विभिन्न महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर 19 सितंबर 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे।

31 अगस्त थी अंतिम तिथि

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज प्रवेश की अंतिम तिथि पहले 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। निर्धारित समय तक कई विद्यार्थी प्रवेश नहीं ले सके थे। वहीं प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में सीटें भी रिक्त हैं। विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

नए आदेश के अनुसार संबंधित महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर 19 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

छात्रों का साल खराब न हो, इसलिए फैसला

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार प्रदेश के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी इच्छुक विद्यार्थी का साल खराब न हो, इसी उद्देश्य से प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे बिना देरी किए निर्धारित समय के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें।

पारदर्शी तरीके से होगा प्रवेश

उच्च शिक्षा विभाग ने उच्च शिक्षा संचालनालय को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त सीटों की उपलब्धता के आधार पर 19 सितंबर 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाए। विभाग ने कॉलेजों को प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश भी दिए हैं। इससे प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को कॉलेज में दाखिला लेने का एक और अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *