बिलासपुर-दिल्ली फ्लाइट में उड़ान के दौरान इंजन में खराबी, 54 लोगों की सांसें अटकीं; सुरक्षित उतरा विमान

बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। बिलासपुर से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेरठ के पास उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। प्रयागराज पहुंचने के बाद विमान ने करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए टेकऑफ किया। दिल्ली की ओर बढ़ते समय मेरठ के आसपास पायलट को एक इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला।

पायलट की सूचना के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। ATC के साथ समन्वय करते हुए पायलट ने विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा। विमान ने करीब 2:15 बजे दिल्ली में लैंडिंग की।

लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी 54 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

वहीं, विमान में आई तकनीकी खराबी को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान इंजन में खराबी आने और उसके फेल होने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *