UPI चार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान सिपाही का हाथ झुलसा

भिलाई नगर यूपीआई लेनदेन पर एमआरडी चार्ज लगाए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने गुरुवार शाम घड़ी चौक सुपेला में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। पुतला बुझाने के प्रयास में सुपेला थाना में तैनात एक सिपाही का दाहिना हाथ झुलस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में कोसा नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरसिंहनाथ, कैप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ई. राजू समेत कांग्रेस कार्यकर्ता शाम करीब 7 बजे घड़ी चौक सुपेला पहुंचे। यहां यूपीआई ट्रांजेक्शन में एमआरडी चार्ज लगाए जाने के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतीकात्मक पुतला दहन किए जाने के बाद पुलिस कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक सिपाही का दाहिना हाथ आग की चपेट में आ गया, जिससे वह झुलस गया।

घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन और पुतला दहन का यह घटनाक्रम घड़ी चौक सुपेला में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *