पाकिस्तानी व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर बिहार में मचा हड़कंप, नेपाल सीमा के रास्ते पहुंचने की खबर

भागलपुर। पड़ोसी देश पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित सौंदर्य प्रसाधनों की खेप नेपाल के रास्ते बिहार के बाजारों तक पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन और ड्रग विभाग सतर्क हो गया है। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की कार्रवाई में पाकिस्तानी क्रीम की खेप पकड़े जाने के बाद कथित तस्करी नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। भागलपुर समेत कोसी और सीमांचल के कई जिलों में कॉस्मेटिक दुकानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

‘गोरी ब्यूटी’ और ‘चांदनी व्हाइटनिंग’ क्रीम पर प्रतिबंध

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के स्तर पर पाकिस्तान के लाहौर स्थित कंपनियों द्वारा निर्मित ‘गोरी ब्यूटी’ और ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ को लेकर प्रतिबंध की जानकारी सामने आई है। इन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक हेवी मेटल्स और पारा (Mercury) जैसे तत्व पाए जाने की बात कही गई है।

बताया जा रहा है कि इन क्रीमों के भारत में आयात के लिए वैध पंजीकरण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, पारा और अन्य विषैले तत्वों की अधिक मात्रा वाले कॉस्मेटिक उत्पाद त्वचा के साथ-साथ शरीर के अन्य अंगों के लिए भी नुकसानदायक हो सकते हैं।

कम कीमत और गोरा करने के दावे से बढ़ी मांग

इन प्रतिबंधित क्रीमों की मांग खास तौर पर ग्रामीण और छोटे बाजारों में होने की बात सामने आई है। कम कीमत में त्वचा को गोरा करने और चेहरे पर चमक लाने के दावों के चलते युवा और महिलाएं इन उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

ब्रांडेड कॉस्मेटिक उत्पादों की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध होने के कारण सीमित बजट वाले ग्राहक भी इन्हें खरीद रहे हैं। इसी मांग का फायदा उठाकर इनके अवैध कारोबार की आशंका जताई जा रही है।

नेपाल की खुली सीमा से पहुंचने का दावा

खुफिया सूचनाओं के आधार पर प्रतिबंधित कॉस्मेटिक उत्पादों को नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में लाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद इन्हें सीमांचल क्षेत्र से होते हुए भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जैसे बाजारों तक पहुंचाए जाने की आशंका है।

स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, इन इलाकों में ऐसे उत्पादों की मांग लगातार बनी हुई है। हालांकि, प्रतिबंधित क्रीमों की वास्तविक खपत और तस्करी के नेटवर्क को लेकर जांच एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।

कॉस्मेटिक दुकानों पर निगरानी बढ़ी

मामला सामने आने के बाद भागलपुर समेत अन्य जिलों में कॉस्मेटिक दुकानों की जांच बढ़ाई गई है। सीमावर्ती जिलों में पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से दुकानदारों को प्रतिबंधित क्रीमों की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी जा रही है।

जांच के दौरान प्रतिबंधित उत्पाद मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों को भी अवैध तरीके से सामान की आवाजाही पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सीमा पर 24 घंटे निगरानी का दावा

एसएसटी आईजी पटना निशीत कुमार उज्ज्वल के मुताबिक, सीमा क्षेत्र में 24 घंटे अभियान चलाया जा रहा है। कस्टम विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर प्रतिबंधित सामान की खेप पकड़ी जा रही है और उसे कस्टम विभाग को सौंपा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और सीमा के रास्ते प्रतिबंधित सामान की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *