दुर्ग, 19 सितंबर। स्थानीय शासकीय प्राथमिक शाला, नयापारा (दुर्ग) में आज श्री राधा अष्टमी के पावन अवसर पर एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन समर्पण सेवा संस्था दुर्ग और श्री राधे जी के भक्तों के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को जरूरत की सामग्रियां बांटी गईं और उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन प्रसादी ग्रहण कराई गई।संस्था के बंटी शर्मा ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राधा अष्टमी के शुभ अवसर पर बच्चों के बीच सेवा का संकल्प लिया गया था।
शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस गरिमामयी आयोजन में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों को पढ़ाई-लिखाई और दैनिक उपयोग से जुड़ी आवश्यक सामग्रियां वितरित की गईं। बच्चों के चेहरों पर सामग्री पाकर भारी उत्सुकता और खुशी देखी गई। इसके पश्चात सभी बच्चों को आदरपूर्वक भोजन प्रसादी परोसी गई।



इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि निस्वार्थ भाव से बच्चों और जरूरतमंदों की सेवा करना ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है। इस सेवा कार्य में जन समर्पण सेवा संस्था के सदस्यों, श्री राधे जी के भक्तों सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।