छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें शानदार सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू देवी से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के बल पर भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *