एशियन गेम्स में भारत का दमदार प्रदर्शन, महिला कबड्डी टीम ने ईरान को हराकर जीता स्वर्ण

नागोया। जापान के नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। खिताबी मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ भारत की झोली में प्रतियोगिता का तीसरा गोल्ड मेडल आया।

पहले हाफ में भारत ने बनाई बढ़त

फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ की समाप्ति तक भारत ने ईरान के खिलाफ 22-16 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, दूसरे हाफ में ईरानी टीम ने जोरदार वापसी करते हुए भारतीय बढ़त को कम कर दिया और स्कोर 27-26 तक पहुंच गया।

मुकाबला बेहद रोमांचक दौर में पहुंच चुका था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में धैर्य बनाए रखा। अहम मौकों पर स्टार रेडर संजू देवी ने महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और टीम को जीत की ओर बढ़ाया। आखिरकार भारत ने 37-34 से मुकाबला अपने नाम कर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।

पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने पूरे अभियान के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। भारत ने शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ 42-21 की जीत से की।

इसके बाद ग्रुप चरण में भारत ने ईरान को 37-23 और मेजबान जापान को 50-25 से हराकर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने नेपाल को 48-24 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खिताबी मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया।

एशियन गेम्स में कबड्डी में भारत का दबदबा

एशियन गेम्स में कबड्डी को 1990 में शामिल किया गया था। इसके बाद से इस खेल में भारतीय टीमों का प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा है। पुरुष टीम ने अब तक 9 पदकों में से 8 स्वर्ण पदक जीते हैं, जबकि 2018 में उसे कांस्य पदक मिला था।

अब नागोया एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक ने इस खेल में भारत की मजबूत मौजूदगी को एक बार फिर सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *