रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिल गई है। सूर्य नमस्कार चौक और सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों के स्वीकृत होने से नगर में अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान इन दोनों विकास कार्यों की घोषणा की थी। अब घोषणा के अनुरूप अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद दोनों कार्यों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
76.81 लाख रुपये से बनेगा सूर्य नमस्कार चौक
कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 06 में हनुमान टेकड़ी के पास सूर्य नमस्कार चौक का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 76.81 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। चौक के विकसित होने से नगर को एक व्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह स्थान कुनकुरी की पहचान को नया स्वरूप देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
24.83 लाख रुपये से बनेगा सामुदायिक भवन
इसी क्षेत्र में सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए 24.83 लाख रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है। भवन के निर्माण के बाद स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
घोषणा पर अमल से नगरवासियों में खुशी
दोनों विकास कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिलने पर कुनकुरी नगरवासियों ने खुशी जताई है। नगरवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और नगर के विकास को गति मिलेगी।