मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्म निर्माता वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर आयकर विभाग ने सोमवार को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार्रवाई फिल्म प्रोजेक्ट्स से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और विदेशों में फंड भेजे जाने की आशंका को लेकर की जा रही है।
मुंबई आयकर विभाग की कई टीमें अलग-अलग परिसरों में दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और कथित विदेशी लेन-देन से जुड़ी जानकारियों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि फिल्म प्रोडक्शन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन में टैक्स नियमों का कोई उल्लंघन तो नहीं हुआ।
विदेशों में फंड ट्रांसफर की भी जांच
रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच एजेंसियों को फिल्म शूटिंग, प्रोडक्शन और विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े खर्चों के नाम पर बड़ी रकम विदेश भेजे जाने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर इन लेन-देन और उनसे जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। हालांकि, अब तक आयकर विभाग की ओर से तलाशी के नतीजों या किसी कर चोरी की पुष्टि सार्वजनिक नहीं की गई है।
दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें
तलाशी के दौरान संबंधित परिसरों में वित्तीय दस्तावेज, खातों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी की जांच की जा रही है। अधिकारियों के सामने आने वाले रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है।
अभी किसी की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रकुल प्रीत सिंह, वासु भगनानी और संबंधित पक्षों की ओर से फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच जारी है और तलाशी पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।