नई दिल्ली। विदेशी अंशदान (नियमन) संशोधन विधेयक, 2026 की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (JPC) मंगलवार को संसद एनेक्सी में अपनी दूसरी बैठक करेगी। बैठक में प्रस्तावित कानून के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार, JPC की बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इस दौरान गृह मंत्रालय और कानून एवं न्याय मंत्रालय के अधिकारी समिति के सदस्यों को प्रस्तावित संशोधनों के अलग-अलग प्रावधानों और उनके उद्देश्यों की जानकारी देंगे।
इसके बाद दोपहर 2 बजे से समिति विषय विशेषज्ञों और विभिन्न हितधारकों की राय सुनेगी। इसमें भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी और दिल्ली हाई कोर्ट के लिए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि FCRA संशोधन विधेयक की जांच के लिए गठित JPC की पहली बैठक 18 सितंबर को हुई थी। उस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने समिति के सदस्यों को प्रस्तावित कानूनी बदलावों के पीछे के कारणों, उद्देश्यों और व्यापक नीतिगत ढांचे के बारे में जानकारी दी थी।
दूसरी बैठक में मंत्रालयों की प्रस्तुति के साथ-साथ विशेषज्ञों और हितधारकों के सुझाव भी सुने जाएंगे, जिसके आधार पर समिति विधेयक के विभिन्न पहलुओं पर विचार करेगी।