दुर्ग के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

दुर्ग। भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब श्याम केमिकल फैक्ट्री परिसर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तेज लपटों का रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठता घना धुआं आसपास के इलाके में फैल गया। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

आग की लपटें उठती देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर लपटों पर काबू पाने में जुटे रहे।

वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

लाखों के नुकसान का अंदेशा

आग से फैक्ट्री में रखे सामान और अन्य सामग्री के नुकसान की आशंका है। फिलहाल नुकसान का सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। दमकल विभाग की कार्रवाई पूरी होने और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।

घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग के कारणों और नुकसान की विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *